कांग्रेस अध्यक्ष ने किसानों के मुद्दों पर आयोजित ट्रेक्टर रैली व धरना : प्रदर्शन में शामिल होने भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष और सरपंच संघ अध्यक्ष को भेजा आमंत्रण पत्र...
कांग्रेस नेता रूपेश साहू ने भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष हलमन ध्रुवा को भेजा आमंत्रण
फिंगेश्वर (गरियाबंद) देवेन्द्र साहू /ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर के अध्यक्ष एवं पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रूपेश कुमार साहू ने भाजपा किसान मोर्चा जिला गरियाबंद के जिलाध्यक्ष हलमन ध्रुवा को 12 जून 2026 को आयोजित किसान हितैषी धरना-प्रदर्शन एवं ट्रैक्टर रैली में शामिल होने हेतु औपचारिक आमंत्रण पत्र भेजा है। जारी आमंत्रण पत्र में बताया गया है कि वर्तमान खरीफ सीजन में किसानों को सहकारी समितियों के माध्यम से पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। वहीं निजी खाद विक्रेताओं द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बिक्री किए जाने, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, किसानों को फसल का उचित मूल्य नहीं मिलने तथा वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर फिंगेश्वर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं भारतीय किसान यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में 12 जून को राजिम स्थित पंडित सुंदरलाल शर्मा चौक में धरना-प्रदर्शन एवं ट्रैक्टर रैली आयोजित की जाएगी। रूपेश कुमार साहू ने अपने आमंत्रण पत्र में कहा है कि किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दे किसी एक दल या संगठन तक सीमित नहीं हैं। किसान हित एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए सभी सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों को एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए। इसी उद्देश्य से भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष हलमन ध्रुवा एवं फिंगेश्वर ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष को भी अपने संगठन के तमाम सहयोगियों के साथ कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया गया है। क्षेत्र में इस पहल को किसान हित के मुद्दों पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर संवाद और सहयोग बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय स्तर पर यह आमंत्रण चर्चा का विषय बना हुआ है। तथा विभिन्न किसान संगठनों और जनप्रतिनिधियों की नजरें अब 12 जून को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम पर टिकी हैं।

विज्ञापन