राजिम थाना में मनाया गया रक्षाबंधन पर्व : ब्रह्मकुमारी हेमा दीदी ने थाना प्रभारी श्रध्दा कर्ष सहित स्टाफ को बांधी राखी
Deekay Thakur
Wed, Sep 2, 2026
राजिम थाना में रक्षाबंधन: पुलिस स्टाफ को बांधा पवित्र रक्षा सूत्र
ब्रह्माकुमारी हेमा दीदी ने थाना प्रभारी श्रद्धा कर्ष सहित पुलिस स्टाफ को बांधी राखी
राजिम (गरियाबंद) / देवेन्द्र साहू । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के राजिम सेवाकेंद्र द्वारा रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर राजिम थाना में रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवाकेंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी हेमा दीदी ने थाना प्रभारी सुश्री श्रद्धा कर्ष सहित थाना स्टाफ को तिलक लगाकर पवित्र रक्षा सूत्र बांधा तथा ईश्वरीय सौगात एवं प्रसाद भेंट कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी अनसूया बहन भी उपस्थित रहीं।इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी हेमा दीदी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित पर्व नहीं, बल्कि पवित्रता, प्रेम, सुरक्षा, सम्मान और शुभ संकल्प का संदेश देने वाला पर्व है। पुलिस अधिकारी एवं जवान त्योहारों के दौरान भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके प्रति सम्मान और शुभभावना व्यक्त करना इस पर्व की भावना को और सार्थक बनाता है। थाना प्रभारी सुश्री श्रद्धा कर्ष ने ब्रह्माकुमारी बहनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज और पुलिस के बीच आपसी विश्वास, आत्मीयता एवं सौहार्द को मजबूत करते हैं। इसी अवसर पर राजिम थाना पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के तहत साइबर अपराधों से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। पुलिस द्वारा नागरिकों को साइबर ठगी से सावधान रहने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने के संबंध में जागरूक किया गया।

विज्ञापन